रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान यामाहा एफजेड बाइक (संख्या: JH01EB-2548) पर सवार एक युवक को रोककर वाहन के कागजात मांगे गए। पुलिस को देखकर युवक घबरा गया, जिससे संदेह होने पर उससे पूछताछ की गई।
पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान टाटीसिल्वे के आरागेट बरकाटोली निवासी एलिश विहां (19) के रूप में बताई। उसने स्वीकार किया कि उक्त बाइक रियाडा चौक, लोवाडीह के पास से चोरी की गई थी और वह उसे बेचने के लिए तमाड़ ले जा रहा था।
एलिश ने यह भी बताया कि एक अन्य चोरी की स्प्लेंडर बाइक उसने अपने घर में छिपाकर रखी है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दूसरी बाइक भी बरामद कर ली। दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया गया है और आरोपी एलिश विहां को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।