प्रधानमंत्री मोदी ने 12 वर्षों में विकसित भारत की मजबूत नींव रखी : देवेश

राज्य स्तरीय दिशा समिति झारखंड के सदस्य एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के प्रतिनिधि देवेश तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, सामाजिक न्याय, आधारभूत संरचना, जनजातीय कल्याण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला रखी है।

शुक्रवार को श्री बंशीधर नगर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में देवेश तिवारी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि झारखंड में केंद्र सरकार की ओर से 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, जिससे राज्य के विकास को गति मिली है।

उन्होंने कहा कि देवघर में एम्स की स्थापना से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिली हैं, जबकि देवघर एयरपोर्ट के शुरू होने से क्षेत्रीय संपर्क, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिला है। राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, ग्रामीण सड़कों के निर्माण और रेलवे सुविधाओं के आधुनिकीकरण से झारखंड की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।

तिवारी ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण परिवारों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का काम हुआ है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से लाखों लोगों को लाभ मिला है।

जनजातीय विकास पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खूंटी से प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों का समग्र विकास करना है। इसके अलावा झारखंड से धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की शुरुआत की गई, जो जनजातीय बहुल गांवों के विकास के लिए महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के विस्तार, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित करने, जनजातीय संग्रहालयों एवं अनुसंधान संस्थानों को मजबूत करने तथा छात्रवृत्ति योजनाओं के विस्तार से आदिवासी समाज को नई दिशा मिली है। वन धन विकास केंद्रों के माध्यम से जनजातीय समुदाय की आजीविका को भी मजबूती मिल रही है।

देवेश तिवारी ने कहा कि आकांक्षी जिलों के कार्यक्रम से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का विशेष लाभ झारखंड को मिला है और राज्य विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

प्रेसवार्ता में आशीष कुमार दुबे उर्फ चिंटू दुबे, भाजपा जिला महामंत्री मुकेश चौबे सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu