तालाब में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पहचान और मौत की वजह तलाश रही पुलिस

परसुडीह थाना क्षेत्र के पाड़ा टोला स्थित एक तालाब में शुक्रवार सुबह अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ-साथ मौत के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह तालाब मालिक की नजर पानी में तैर रहे शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी ग्राम प्रधान सागेन हांसदा को दी। ग्राम प्रधान ने मामले की सूचना परसुडीह थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से संपर्क कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर पहचान की कोशिश की जा रही है।

थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि व्यक्ति की मौत डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu

और पढ़ें