हजारीबाग में ACB की बड़ी कार्रवाई, जमीन घोटाले में 3 गिरफ्तार

हजारीबाग में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सरकारी और वन भूमि की अवैध खरीद-बिक्री एवं फर्जी तरीके से दाखिल-खारिज कराने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है।

ACB हजारीबाग थाना कांड संख्या 11/25 में तत्कालीन अंचलाधिकारी, अंचल निरीक्षक, राजस्व उपनिरीक्षक और स्थानीय भू-माफियाओं के खिलाफ मामला दर्ज है। आरोप है कि वन भूमि, सरकारी जमीन और गैरमजरूआ खास किस्म जंगल भूमि को अवैध तरीके से हासिल कर उसकी बिक्री की गई और गलत तरीके से दाखिल-खारिज कराया गया।

इसी मामले में ACB की विशेष छापामारी टीम ने 7 अक्टूबर 2026 को तीन भूमि विक्रेताओं—विशेश्वर प्रजापति (68), शंकर प्रजापति (62) और रामगति गुप्ता उर्फ रामगति प्रसाद (61) को गिरफ्तार किया। तीनों हजारीबाग के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नयाखाप टोला मुकुन्दगंज के रहने वाले बताए गए हैं।

ACB के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। इससे पहले भी मामले में तत्कालीन अंचलाधिकारी समेत अन्य सरकारी पदाधिकारियों, भूमाफियाओं, क्रेताओं और विक्रेताओं को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के साथ-साथ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश की धाराओं में दर्ज है।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama

और पढ़ें