“चतरा में लोजपा का बड़ा जुटान! जनार्दन पासवान ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, संगठन को मजबूत करने का दिया मंत्र”

चतरा। लोक जन शक्ति पार्टी (रामविलास) युवा प्रकोष्ठ, चतरा की ओर से रांची रोड स्थित सनाया होटल, किशनपुर में कार्यकर्ता मिलन सह अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, पार्टी के संस्थापक पद्म भूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने और दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोक जन शक्ति पार्टी (रामविलास) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह चतरा विधायक जनार्दन पासवान शामिल हुए। इसके अलावा प्रदेश प्रधान महासचिव विकास रंजन उर्फ पप्पू सिंह, युवा प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र दूर्वेदी, चतरा जिला अध्यक्ष गौरी प्रसाद यादव, युवा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष अनिल पासवान समेत विभिन्न मंडल अध्यक्ष एवं बूथ अध्यक्ष मौजूद रहे।

 

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नेताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने तथा बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर जोर दिया। साथ ही जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। कार्यकर्ताओं के सम्मान, सक्रिय भागीदारी और आपसी समन्वय के बिना किसी भी संगठन को मजबूत आधार नहीं मिल सकता। सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की अपील की गई।

 

कार्यकर्ता मिलन सह अभिनंदन समारोह के माध्यम से संगठन में आपसी संवाद, सम्मान, समर्पण और नई ऊर्जा का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama

और पढ़ें