JSLPS में नई मानव संसाधन व्यवस्था लागू, 1300 नए पद सृजित होंगे

रांची, 6 अगस्त। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के कर्मियों के लिए लंबे इंतजार के बाद बड़ी राहत की खबर आई है। राज्य सरकार ने JSLPS की नई मानव संसाधन (HR) नीति को मंजूरी दे दी है। ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पहल पर लागू की गई इस नई व्यवस्था से कर्मचारियों के वेतन, भत्तों और सामाजिक सुरक्षा में व्यापक सुधार होगा। साथ ही करीब 1300 अतिरिक्त पदों का सृजन होने से राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।

 

नई HR नीति के तहत L-5 से L-8 स्तर तक के कर्मचारियों के वेतन में 60 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है। इसके अलावा लैपटॉप एवं संचार भत्ते में बढ़ोतरी, पहली बार शिक्षा भत्ता और व्यावसायिक विकास भत्ता का प्रावधान किया गया है। कर्मचारियों को स्वास्थ्य लाभ के मद में प्रतिमाह एक हजार रुपये तक दावा करने की सुविधा भी मिलेगी।

 

नई व्यवस्था में पात्र कर्मियों को ग्रेच्युटी का लाभ मिलेगा। प्रखंड स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों के क्षेत्र भ्रमण भत्ते में वृद्धि की गई है, जबकि जिला स्तर के कर्मचारियों को भी पहली बार क्षेत्र भ्रमण भत्ता दिया जाएगा। कर्मचारियों का समूह व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 30 लाख रुपये तथा समूह मेडिक्लेम बीमा 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर दिया गया है। इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को गंभीर बीमारी एवं आकस्मिक चिकित्सा के दौरान बेहतर आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।

 

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि यह फैसला JSLPS कर्मियों के सुरक्षित, समृद्ध और खुशहाल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से नई HR नीति लागू करने की मांग की जा रही थी, जिसे अब सरकार ने पूरा किया है। उनके अनुसार नई व्यवस्था से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा, कार्य क्षमता में सुधार होगा और अतिरिक्त पदों के सृजन से संस्था के कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में JSLPS ग्रामीण विकास और आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित करेगा।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama

और पढ़ें