रामगढ़-बोकारो एनएच-23 हादसा: बैंड पार्टी के आठ कलाकारों की मौत, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया शोक

रामगढ़-बोकारो राष्ट्रीय राजमार्ग-23 पर गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बैंड पार्टी के आठ कलाकारों की मौत हो गई। रजरप्पा थाना क्षेत्र के बारलौंग स्थित बुध बाजार के पास एलपी ट्रक और पिकअप वैन की आमने-सामने हुई टक्कर में पांच लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन घायलों की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है। बताया जा रहा है कि ट्रक गलत दिशा में आ गया था, जिसके कारण यह भीषण दुर्घटना हुई।

मृतकों की पहचान रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमर्चा गांव निवासी अनोद कुमार, पप्पू करमाली, पवन करमाली, अशोक कुमार, शक्ति कुमार, डेविड करमाली तथा हजारीबाग जिले के दाढ़ी प्रखंड के कठहरवा गांव निवासी मनीष कुमार और हेमंत कुमार महतो के रूप में हुई है। शुक्रवार को सभी शवों का पोस्टमार्टम रामगढ़ सदर अस्पताल में कराया गया।

पुलिस के अनुसार रजरप्पा की ओर से रामगढ़ आ रहा एलपी ट्रक (जेएच-02 एए-4786) और विपरीत दिशा से जा रही पिकअप वैन (जेएच-02 क्यू-8268) बारलौंग के पास टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां दो और लोगों ने दम तोड़ दिया। एक घायल को रांची रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद रामगढ़ सदर अस्पताल में मातम का माहौल छा गया। मृतकों के परिजनों की चीख-पुकार से अस्पताल परिसर गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंचे।

सूचना मिलने पर एसडीपीओ आलोक रंजन, रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार और रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और यातायात व्यवस्था बहाल कराई।

पुलिस ने बताया कि बलसगरा से दो लोग पिकअप वैन लेकर मारंगमर्चा गांव पहुंचे थे। वहां से छह अन्य बैंड कलाकारों को लेकर वे एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बलसगरा लौट रहे थे। इसी दौरान बारलौंग के पास तेज रफ्तार एलपी ट्रक ने गलत दिशा में आकर पिकअप को टक्कर मार दी। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है।

इस हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu