दहेज के 70 हजार रुपये नहीं मिलने पर नवविवाहिता को पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप, इलाज के दौरान मौत

पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के कसमार गांव में दहेज के बकाया 70 हजार रुपये नहीं मिलने पर नवविवाहिता को पेट्रोल डालकर जलाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसी महिला की रांची रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतका के परिजन शुक्रवार को शव लेकर तरहसी थाना पहुंचे और पति पवन कुमार तथा ससुर महेंद्र राम के खिलाफ मामला दर्ज कराया। थाना प्रभारी आनंद राम ने बताया कि परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

परिजनों के अनुसार, चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव निवासी बबलू राम ने अपनी 20 वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी की शादी 25 नवंबर 2025 को कसमार निवासी पवन कुमार से की थी। शादी में डेढ़ लाख रुपये दहेज देने की बात तय हुई थी, जिसमें 80 हजार रुपये दिए गए थे और 70 हजार रुपये बाकी थे।

आरोप है कि शादी के बाद से ही नेहा को बकाया दहेज राशि के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि 10 जून को पति और ससुर ने मिलकर पेट्रोल डालकर नेहा को आग के हवाले कर दिया। गंभीर हालत में उसे मेदिनीनगर के निजी अस्पताल से रांची ले जाया गया, जहां इलाज के बाद रिम्स में भर्ती कराया गया।

25 जून को डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर बताते हुए परिजनों को घर ले जाने की सलाह दी। इसी दौरान 26 जून की सुबह करीब दो बजे रास्ते में नेहा की मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर सीधे तरहसी थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

वहीं, आरोपी पति पवन कुमार ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उसका कहना है कि उसे नहीं पता कि आग कैसे लगी, लेकिन जानकारी मिलने के बाद वह नेहा को बचाने और इलाज कराने में साथ रहा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu