रामगढ़ सड़क हादसा: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा

रामगढ़-बोकारो मार्ग पर लारी-बरलौंग के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर संदेश जारी कर कहा कि लारी-बरलौंग के पास हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मौत की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने मरांग बुरु से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा घायल व्यक्ति के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही मृतकों के परिजनों को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

गौरतलब है कि रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर लारी-बरलौंग के पास देर रात हुए इस हादसे में बैंड-ताशा पार्टी से जुड़े सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल का इलाज रांची स्थित रिम्स में चल रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu