24 मार्च को आंदोलनकारियों एवं विस्थापितों का विधानसभा घेराव और प्रदर्शन

रांची। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा और झारखंड राज्य विस्थापित संघर्ष मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में 24 मार्च को विधानसभा मार्च और घेराव प्रदर्शन किया जाएगा। यह घेराव प्रदर्शन बिरसा चौक स्थित वीर शहीद बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर प्रारंभ होगा।

 

झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा ने सरकार से मांग की है कि झारखंड आंदोलनकारियों को जीते जी राजकीय मान-सम्मान, अलग पहचान, उनके पुत्र-पुत्रियों को रोज़गार और नियोजन की गारंटी दी जाए। इसके साथ ही जेल जाने की बाध्यता समाप्त करते हुए सभी आंदोलनकारियों को 50-50 हजार रुपये की सम्मान पेंशन दी जाए।

 

वहीं, झारखंड राज्य विस्थापित संघर्ष मोर्चा ने विस्थापितों के लिए पुनर्वास, नियोजन और समुचित मुआवजा सहित सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार देने की मांग की है। मोर्चा ने स्पष्ट किया है कि आंदोलनकारियों और विस्थापितों के सम्मान से ही राज्य सरकार का सम्मान और स्वाभिमान है। इन्हें संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखना न्यायसंगत नहीं होगा।

 

उक्त बातें झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के संस्थापक प्रधान सचिव पुष्कर महतो, कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र सिंह कुशवाहा, अनुशासन समिति के सचिव दिवाकर साहू, केंद्रीय कोषाध्यक्ष श्रीमती सरोजिनी कच्छप और महानगर संयोजक श्रीमती पुष्पा बरदेवा ने डोरंडा भवानीपुर स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहीं।

 

मोर्चा ने सभी आंदोलनकारियों, विस्थापितों और समर्थकों से 24 मार्च को अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की है।

 

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama

और पढ़ें