🏛️ छात्रवृत्ति के मुद्दे पर हंगामा: झारखंड विधानसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

रांची, 8 दिसंबर (हि.स.)।

​झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सोमवार को सदन की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई। कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के सदस्यों ने छात्रवृत्ति के लंबित भुगतान की मांग को लेकर सदन के वेल (बीच) में आकर जबरदस्त नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके कारण सदन को स्थगित करना पड़ा।

अध्यक्ष ने जताई नाराजगी

​प्रश्नकाल बाधित होने पर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने विपक्षी विधायकों के आचरण पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा, “अगर आप लोग को हंगामा करना ही है तो सर्वदलीय और कार्य मंत्रणा समिति की बैठक का कोई मतलब नहीं रह जाता है। इस तरह के आचरण से सदन नहीं चलेगा।”

​विधानसभा अध्यक्ष ने सवाल किया कि क्या विधायक जनता के संवेदनशील सवालों को सदन में नहीं चलने देंगे। अध्यक्ष के बार-बार शांत रहने और अपनी सीटों पर लौटने के आग्रह के बावजूद, सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक दोनों ही हंगामा करते रहे। स्थिति अनियंत्रित होते देख, विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

संसदीय कार्य मंत्री का बयान

​संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने विपक्ष के रवैये पर टिप्पणी करते हुए कहा कि विपक्ष को सदन की कार्यवाही बाधित करने के बजाय, उसे नियमों के तहत अपनी बातों को सदन के सामने रखना चाहिए।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama

और पढ़ें