🎬 बिहार चुनाव पर बोले भोजपुरी स्टार निरहुआ: ‘जनता ने विकास को चुना’, जमशेदपुर में कर रहे हैं फिल्म की शूटिंग

पूर्वी सिंहभूम, 8 दिसंबर (हि.स.)।

भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और आजमगढ़ के पूर्व भाजपा सांसद दिनेश लाल ‘निरहुआ’ इन दिनों अपनी आगामी फिल्म “मुर्गा ट्रॉफी” की शूटिंग के सिलसिले में जमशेदपुर में व्यस्त हैं। सोमवार को शूटिंग के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों पर अपनी प्रतिक्रिया दी और फिल्म के बारे में जानकारी साझा की।

बिहार चुनाव: विकास सर्वोपरि

निरहुआ ने चुनाव परिणामों को जनता का फैसला बताते हुए कहा कि यह सर्वोपरि है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार की जनता ने विकास और सुशासन के मुद्दे को चुना है और इसी संदेश को उन्होंने सरकार चुनकर दिया है।

उन्होंने नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा कि बिहार लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और जनता भी इस प्रगति को जारी रखना चाहती थी। चुनावी परिणाम इसी सोच का प्रतिबिंब हैं।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ दल विकास के मूल मुद्दों से भटककर ईवीएम और वोट चोरी जैसी बहसों में उलझे रहते हैं, जबकि जनता केवल कानून का राज और बेहतर सुविधाएं चाहती है।

उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचा है, जिसके कारण लोग भाजपा पर विश्वास बनाए हुए हैं।

चुनावी बयानबाजी पर टिप्पणी

राजनीतिक सक्रियता पर, निरहुआ ने कहा कि वे चुनावों के दौरान पार्टी के प्रचारक के रूप में हमेशा उपलब्ध रहते हैं। खेसारी लाल यादव के साथ प्रचार के दौरान हुए चर्चित विवाद पर उन्होंने कहा कि चुनाव का मैदान अलग होता है और ऐसी बयानबाजी चुनावी माहौल में हो जाती है, जिसका अब जब जनता ने फैसला सुना दिया है, तो कोई महत्व नहीं रह जाता है।

झारखंड की संस्कृति पर आधारित है ‘मुर्गा ट्रॉफी’

निरहुआ इन दिनों जमशेदपुर के जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अपनी फिल्म “मुर्गा ट्रॉफी” के अंतिम चरण की शूटिंग कर रहे हैं।

यह फिल्म झारखंड के पारंपरिक खेल मुर्गा लड़ाई पर आधारित है और निरहुआ इसमें एक युवा झारखंडी पात्र की भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि करीब सवा दो घंटे की इस फिल्म की शूटिंग झारखंड के कई हिस्सों में की गई है।

उन्होंने दर्शकों से अपील की कि यह फिल्म झारखंड की संस्कृति, परंपरा और लोक कला से भरपूर है और इसे जरूर देखें।

शूटिंग स्थल पर निरहुआ के प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिन्होंने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama

और पढ़ें