पश्चिमी सिंहभूम, 09 दिसंबर (हिं.स.)। चाईबासा स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 197 बटालियन कैंप में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। नियमित परेड के दौरान एक जवान की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उनका निधन हो गया। डॉक्टरों ने मौत का कारण हृदय संबंधी समस्या (Cardiac Arrest) माना है।
मृतक जवान की पहचान 46 वर्षीय गोपालजी सिंह के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बेलघाट थाना क्षेत्र के सिसवा बाबू गांव के निवासी थे।
ड्यूटी पर लौटने के बाद हुई घटना
सहकर्मी जवानों के अनुसार, मंगलवार सुबह परेड के दौरान गोपालजी सिंह को अचानक सीने में तेज दर्द और बेचैनी महसूस हुई। उन्हें तुरंत चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने जाँच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गोपालजी सिंह कुछ दिन की छुट्टी बिताने के बाद रविवार को ही ड्यूटी पर लौटे थे। इस छुट्टी के दौरान उन्होंने अपने बेटे को दिल्ली स्थित आईटीबीपी (इंडो-तिब्बत सीमा पुलिस) में सब-इंस्पेक्टर पद पर ज्वाइन भी कराया था। उन्होंने सोमवार से पुनः अपनी ड्यूटी शुरू की थी।
कैंप में शोक की लहर
अचानक हुई इस दुखद घटना से पूरे कैंप में शोक की लहर है। बटालियन के अधिकारियों और सहकर्मियों ने गोपालजी सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है तथा उनके परिवार को सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
सभी कागजी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद, उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव गोरखपुर भेजने की तैयारी की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भी मातम का माहौल है।



