पूर्वी सिंहभूम: नवनियुक्त महिला चौकीदार की दिनदहाड़े निर्मम हत्या, इलाके में दहशत

पोटका थाना क्षेत्र में धारदार हथियार से गला रेता; पुलिस ने जांच शुरू की, पति हिरासत में

पूर्वी सिंहभूम, 16 दिसंबर (हि.स.)। जिले के पोटका थाना क्षेत्र में मंगलवार को झारखंड ग्रामीण पुलिस की एक नवनियुक्त महिला चौकीदार की दिनदहाड़े निर्मम हत्या कर दी गई। अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से गला रेतकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस तथा प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

​🚨 घर लौटते समय हुआ हमला

​पुलिस के अनुसार, मृतका नवनियुक्त चौकीदार ज्योतिका हेम्ब्रम (निवासी: केन्डमूड़ी गांव, कालिकापुर पंचायत) पोटका थाना में पदस्थापित थीं। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे वह अपनी ड्यूटी समाप्त कर थाना से अपने घर लौट रही थीं।

​इसी दौरान, थाना से लगभग आधा किलोमीटर दूर छोटा सिगदी सड़क पर पहले से घात लगाए अज्ञात व्यक्ति ने उन पर हमला कर दिया। धारदार हथियार से गला रेत दिए जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

🔍 घटनास्थल पर प्रशासनिक टीम

घटना की सूचना मिलते ही पोटका थाना प्रभारी मनोज मुर्मू, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अरुण मुंडा, अंचल अधिकारी (सीओ) निकिता बाला सहित अन्य पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। संभावित आरोपितों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है।

इस जघन्य घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है। स्थानीय लोग पुलिस प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama

और पढ़ें