नववर्ष पर मुख्यमंत्री का शहर भ्रमण, धुर्वा डैम को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के निर्देश

रांची, 03 जनवरी : नव वर्ष के अवसर पर हेमन्त सोरेन ने राजधानी रांची का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने शहर के प्रमुख पिकनिक एवं पर्यटन स्थलों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री सबसे पहले धुर्वा डैम पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटन विकास की संभावनाओं का गहन अवलोकन किया।

निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने धुर्वा डैम परिसर में चाय की चुस्की लेते हुए रांची की हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि धुर्वा डैम क्षेत्र को सुव्यवस्थित पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए ठोस और चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन विकास से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और यह क्षेत्र रांची के पर्यटन नक्शे पर प्रमुख आकर्षण के रूप में उभरेगा।

मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने निरीक्षण के दौरान स्थानीय दुकानदारों एवं नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार जनसहभागिता के साथ क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि धुर्वा डैम न केवल रांची का महत्वपूर्ण जल स्रोत है, बल्कि यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं भी मौजूद हैं, जिन्हें सरकार क्रमबद्ध रूप से विकसित करेगी।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने धुर्वा स्थित ज्यूडिशियल अकादमी, झारखंड का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने संस्थान की अधोसंरचना एवं प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव श्री मनोज कुमार सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, रांची जिला प्रशासन के पदाधिकारी एवं पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama

और पढ़ें