झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा थाना स्तर पर आयोजित पुलिस-व्यवसायी समन्वय समिति की बैठकों की श्रृंखला के तहत बुधवार को पंडरा ओपी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंडरा थाना क्षेत्र के बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया तथा क्षेत्र की विधि-व्यवस्था एवं व्यापारिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में एएसपी कोतवाली निखिल राय, थाना प्रभारी विवेक कुमार तथा पंडरा यातायात थाना के एसआई धर्मेंद्र कुमार उपस्थित रहे।
व्यापारियों ने पंडरा कृषि मंडी में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की। उन्होंने बताया कि मंडी परिसर में शाम के समय अवैध महुआ शराब की बिक्री एवं जुआ संचालन के कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ रही हैं।
रांची चैंबर पंडरा के अध्यक्ष संजय माहुरी ने कहा कि पुलिस की पूर्व कार्रवाई के बाद ऐसी गतिविधियां बंद हो गई थीं, लेकिन हाल के दिनों में पुनः शुरू हो गई हैं। उन्होंने शाम 6 बजे के बाद मंडी क्षेत्र में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
चैंबर के सह सचिव रोहित पोद्दार ने बताया कि लगभग 64 एकड़ में फैली कृषि मंडी की कई जगहों पर बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त है। उन्होंने सुरक्षा के मद्देनजर कृषि विभाग से इसकी मरम्मत कराने हेतु पुलिस प्रशासन द्वारा पत्राचार करने का सुझाव दिया। इस पर एएसपी कोतवाली ने आश्वासन दिया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के माध्यम से कृषि विभाग को पत्र भेजा जाएगा।
बैठक में मंडी परिसर में स्ट्रीट लाइट की कमी का मुद्दा भी उठाया गया। व्यापारियों ने बताया कि वर्तमान में मंडी में 12 सुरक्षा गार्ड कार्यरत हैं तथा पुलिस और सुरक्षा गार्डों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकता है। साथ ही मंडी के सभी प्रवेश एवं निकास द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
व्यापारियों ने मुख्य सड़क से मंडी प्रवेश द्वार तक वाहनों की तेज गति एवं बढ़ते यातायात दबाव के कारण दुर्घटना की आशंका जताते हुए वहां ट्रैफिक सिग्नल अथवा यातायात कर्मियों की तैनाती की मांग की। टर्निंग प्वाइंट पर दिनभर लगने वाले जाम का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
एएसपी कोतवाली ने व्यापारियों से थाना क्षेत्र के संवेदनशील स्थलों की जानकारी मांगी और कहा कि ऐसे स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल के अनुरोध पर एएसपी कोतवाली ने प्रत्येक माह व्यापारियों के साथ नियमित बैठक आयोजित करने की सहमति दी। पुलिस और व्यापारियों के बीच त्वरित संवाद एवं समन्वय के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने पर भी सहमति बनी।
लॉ एंड ऑर्डर उपसमिति के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल ने शाम के समय निरंतर पुलिस पेट्रोलिंग तथा मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि शहर की विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चैंबर द्वारा अन्य थाना क्षेत्रों में भी ऐसी बैठकों का आयोजन जारी रखा जाएगा।
आलू-प्याज विक्रेता संघ के सचिव रोहित कुमार ने मनातू चौक से रवि स्टील चौक तक पुलिस गश्ती बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि मुख्य बाजार क्षेत्र में शाम के समय सन्नाटा रहने से सुरक्षा संबंधी चिंताएं बनी रहती हैं।
बैठक के उपरांत एएसपी कोतवाली ने अपनी टीम, चैंबर पदाधिकारियों एवं कृषि मंडी के व्यापारियों के साथ मंडी परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान संवेदनशील एवं संदिग्ध स्थलों का जायजा लिया गया तथा दुकानदारों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की गई।
बैठक में चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव रोहित पोद्दार, लॉ एंड ऑर्डर उपसमिति के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल, सदस्य प्रमोद सारस्वत, शशांक भारद्वाज, किशन अग्रवाल सहित पंडरा मंडी के अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।