कर्रा प्रखंड के जरियागढ़ पंचायत अंतर्गत चुरले गांव में शनिवार को चुरले सरना समिति के तत्वावधान में झंडा गड़ी सह प्रार्थना सभा का आयोजन पारंपरिक रीति-रिवाजों और श्रद्धा के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सरना धर्मावलंबियों और ग्रामीणों ने हिस्सा लिया और प्रकृति पूजा एवं अपनी सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति आस्था जताई।
गांव के पाहन बंधन होरो ने सरना स्थल पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, अच्छी फसल और खुशहाली की कामना की। पूजा के बाद महिलाओं ने सरना स्थल पर जल अर्पित कर सामूहिक प्रार्थना की।
कार्यक्रम में आदिवासी पारंपरिक वेशभूषा से सुसज्जित खोड़हा मंडली ने ढोल-मांदर की थाप पर आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया। इससे पूरे सरना स्थल पर उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। प्रार्थना सभा देर शाम तक चली। इसके बाद श्रद्धालुओं और अतिथियों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया गया।
मौके पर ग्राम प्रधान बंधन होरो, जयमसीह आईन्द, जीतरू होरो, गुगन होरो, सोहराई होरो, अभिषेक होरो, जीता होरो, हरि होरो, एतवा बघवार, शांति सारिका होरो, झीरगी, चम्मा, कैलाश होरो सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।