आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत, एक घायल

कोडरमा, 13 जून (हि.स.)। कोडरमा जिले के मरकच्चो प्रखंड अंतर्गत कोडरमा-गिरिडीह सीमा क्षेत्र के घोसकेडीह गांव में शनिवार को वज्रपात की घटना में एक 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा घायल हो गया। घायल बच्चे का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मृतक की पहचान अभिनीत उर्फ विशाल कुमार (10) के रूप में हुई है, जबकि घायल बच्चे की पहचान सतीश यादव (13) के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे गांव के अन्य बच्चों के साथ घर के सामने स्थित जामुन के पेड़ पर फल तोड़ने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया।

ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार दोपहर तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई और बादलों की गर्जना होने लगी। इसी बीच जामुन के पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से अभिनीत और सतीश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय मौजूद अन्य बच्चे बाल-बाल बच गए।

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण दोनों बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरकच्चो लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद अभिनीत की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं घायल सतीश यादव का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर है और उसमें सुधार हो रहा है।

अभिनीत की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि अभिनीत व्यवहार कुशल और होनहार बच्चा था, जिसकी असमय मौत से पूरा गांव स्तब्ध है।

घटना के बाद लोगों ने बारिश और वज्रपात के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा खराब मौसम में सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। प्रशासन ने भी लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और सतर्क रहने की अपील की है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu