ट्रक की टक्कर से सिक्यूरिटी गार्ड की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर पांच घंटे एनएच जाम

पलामू, 13 जून (हि.स.)। डालटनगंज-पांकी मुख्य पथ पर मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा चौक के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार सिक्यूरिटी गार्ड रामरेखा पासवान की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर नेशनल हाइवे को करीब पांच घंटे तक जाम रखा।

जानकारी के अनुसार रामरेखा पासवान घर से ड्यूटी के लिए निकले थे। वह शहर की एक दवा दुकान में सिक्यूरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थे। दुर्घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों के अनुसार रामरेखा परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके दो छोटे बच्चे हैं और माता-पिता बुजुर्ग हैं। परिजनों ने परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और सरकारी नौकरी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।

जाम की सूचना मिलने पर सदर अंचलाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी जागो महतो और सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। काफी समझाने के बाद शाम करीब चार बजे जाम हटाया गया।

रामरेखा की पत्नी ने बताया कि उन्होंने कुछ समय तक चौकीदार की नौकरी की थी, लेकिन बाद में उन्हें हटा दिया गया था। इस मामले को लेकर कोर्ट में मामला चल रहा है। इसके बाद वह दवा दुकान में सिक्यूरिटी गार्ड की नौकरी कर रहे थे।

मौके पर पहुंचे अंचलाधिकारी ने प्रभावित परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि बच्चों की देखभाल के लिए स्पॉन्सरशिप योजना के तहत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही अंबेडकर आवास, बच्चों का सरकारी स्कूल में नामांकन और अन्य सरकारी लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

उन्होंने बताया कि तत्काल निजी स्तर पर भी आर्थिक सहयोग दिया गया है। वहीं सरकारी नौकरी का मामला न्यायालय में लंबित है, यदि फैसला पत्नी के पक्ष में आता है तो नियमानुसार नौकरी देने की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu