रांची में कार का शीशा तोड़कर गहने और नकदी चोरी, पुलिस ने शुरू की जांच

राजधानी रांची के व्यस्त मेन रोड इलाके में अपराधियों ने एक कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा गहना और नकदी से भरा बैग चोरी कर लिया। घटना भारत बेकरी के पास हुई। पीड़ित की शिकायत पर लोअर बाजार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर निवासी रोहित गुप्ता अपनी शादी की सालगिरह के मौके पर परिवार के साथ रांची आए थे। शुक्रवार देर रात वह मेन रोड स्थित भारत बेकरी से केक खरीदने पहुंचे। उन्होंने अपनी कार को लॉक कर बेकरी के बाहर खड़ा किया और दुकान के अंदर चले गए।

कुछ देर बाद जब वह वापस लौटे तो देखा कि कार के पीछे की दाहिनी ओर का शीशा टूटा हुआ था। कार की सीट पर रखा उनकी पत्नी का हैंडबैग भी गायब था। बैग में सोने के गहने और करीब पांच हजार रुपये नकद रखे हुए थे। चोरी गए सामान में सोने के झुमके समेत अन्य कीमती वस्तुएं शामिल थीं।

घटना के बाद रोहित गुप्ता ने आसपास के लोगों से जानकारी लेने की कोशिश की और मदद के लिए बेकरी संचालक से संपर्क किया, लेकिन देर रात होने के कारण दुकान बंद हो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन तत्काल अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिल सका। पीड़ित ने लोअर बाजार थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पुलिस का मानना है कि घटना को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया है। अपराधियों ने वाहन पर नजर रखकर मौका मिलते ही शीशा तोड़कर बैग चोरी किया और फरार हो गए।

नगर पुलिस उपाधीक्षक (सिटी डीएसपी) के. वी. रमण ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu

और पढ़ें