न्यायमूर्ति सह कार्यपालक अध्यक्ष झालसा सुजीत नारायण प्रसाद के निर्देश और सदस्य सचिव झालसा कुमारी रंजना अस्थाना व न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन में चल रहे 90 दिवसीय विधिक जागरूकता कार्यक्रम के तहत शनिवार को ईटकी प्रखंड के मोरो ग्राम में कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में एलएडीसी सदस्य वीरेंद्र प्रताप, पीएलवी शंकर साहू, अजय कुमार गोप, सोनू कुमार साहू, मासूम राजा, राकेश कुमार मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान झालसा की ओर से संचालित शिशु एवं डॉन योजना के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी गई।
वीरेंद्र प्रताप ने बताया कि शिशु योजना का उद्देश्य अनाथ और संकटग्रस्त बच्चों को सहायता उपलब्ध कराना है। कोरोना महामारी के दौरान जिन बच्चों ने अपने माता-पिता या परिवार के कमाऊ सदस्य को खो दिया, उन्हें वित्तीय, सामाजिक और कानूनी सहायता देकर उनके अधिकारों की रक्षा करना इस योजना का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों को बाल श्रम, बाल तस्करी और शोषण से बचाने के लिए भी पहल की जाती है।
वहीं पीएलवी गणेश कुमार ने अभिभावकों से बच्चों को नशे से दूर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता के माध्यम से नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम में बाल विवाह, बाल श्रम, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन सहित राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा नालसा के टोल फ्री नंबर 1510 के बारे में ग्रामीणों को बताया गया।
डालसा के पीएलवी ने आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी देते हुए लोगों से इसका लाभ उठाने की अपील की।