सड़क हादसे ने छीनी शादी की खुशियां, रविवार को दूल्हा बनने वाले अजहर की इलाज के दौरान मौत

जादूगोड़ा क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की शादी रविवार को होने वाली थी, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की मौत की खबर से हल्दीपोखर आजाद बस्ती समेत पूरे इलाके में शोक की लहर है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान हल्दीपोखर आजाद बस्ती निवासी 28 वर्षीय अजहर अंसारी के रूप में हुई है। बीते 7 जून को जादूगोड़ा के पास तेज रफ्तार पिकअप वैन ने एक टेंपो को टक्कर मार दी थी। दुर्घटना में टेंपो चालक और उसमें सवार अजहर अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया गया। कई दिनों तक चले इलाज के बाद शुक्रवार देर रात अजहर अंसारी ने दम तोड़ दिया। वहीं टेंपो चालक का इलाज अब भी जारी है।

परिजनों ने बताया कि अजहर फेरी का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। तीन भाइयों में सबसे बड़ा होने के कारण परिवार की कई जिम्मेदारियां उसके कंधों पर थीं। हादसे के दिन भी वह काम के सिलसिले में जादूगोड़ा जा रहा था, तभी यह दुर्घटना हो गई।

अजहर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रविवार को उसकी शादी होनी थी और घर में तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। रिश्तेदारों का पहुंचना शुरू हो गया था तथा परिवार में जश्न का माहौल था, लेकिन एक सड़क दुर्घटना ने सारी खुशियां छीन लीं।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में रिश्तेदार, पड़ोसी और स्थानीय लोग मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।

परिजनों ने पिकअप वैन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu