स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 15 यूनिट रक्त संग्रहित

विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सदर अस्पताल स्थित रक्त केंद्र के तत्वावधान में शनिवार को डोड़मा आयुष्मान आरोग्य मंदिर परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 15 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

जिला स्वास्थ्य विभाग और तोरपा पूर्वी मंडल अध्यक्ष सह समाजसेवी प्रवीण कुमार के सहयोग से आयोजित शिविर का उद्घाटन रक्त केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आनंद किशोर उरांव और प्रवीण कुमार ने संयुक्त रूप से किया।

मौके पर डॉ. उरांव ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस मनाया जाता है। इसी उद्देश्य से आयोजित यह शिविर समाज के प्रति जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जिले में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों, गर्भवती महिलाओं और दुर्घटनाग्रस्त मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए लगातार स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्तदान से तीन जरूरतमंद लोगों को जीवनदान मिल सकता है।

शिविर में नितेश मांझी, दीपक कुमार पांडे, अविनाश कुमार, ने कौर, सौरभ कुमार दुबे, अनिल महतो, प्रशांत कुमार कौर, उत्तम कुमार पांडे, अभिषेक कुमार और प्रवीण कुमार सहित कुल 15 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।

शिविर के सफल आयोजन में रक्त केंद्र के सुशांत कुमार, पूनम भेंगरा और काउंसलर निशांत झा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu