साइबर अपराधी को छुड़ाने के लिए पुलिस टीम पर हमला, दो आरोपित गिरफ्तार

गिरिडीह, 14 जून (हि.स.)। साइबर ठगी के आरोपित को पुलिस हिरासत से छुड़ाने और पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में गिरिडीह पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिकसोरिया गांव निवासी जीतन मंडल और सूरज मंडल को गिरफ्तार किया।

सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) जीतबाहन उरांव ने रविवार को दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सूरज मंडल को देवरी क्षेत्र से जबकि जीतन मंडल को भरकट्ठा इलाके से पकड़ा गया। दोनों की गिरफ्तारी अहिल्यापुर थाना कांड संख्या 21/2026 के तहत की गई है।

एसडीपीओ ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष जांच और गिरफ्तारी टीम का गठन किया गया था। टीम में गांडेय इंस्पेक्टर कमलेश पासवान, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत, अहिल्यापुर थाना प्रभारी पैनुल हक खान समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे।

बताया गया कि 10 जून की रात साइबर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि साइबर अपराध में संलिप्त आरोपित चुड़ामन मंडल चिकसोरिया गांव में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे हिरासत में ले लिया था। इसी दौरान कुछ साइबर अपराधियों और असामाजिक तत्वों ने एकजुट होकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया।

हमलावरों ने पुलिस पर पथराव किया और हिरासत में लिए गए चुड़ामन मंडल को छुड़ाकर फरार करा दिया। पथराव में पुलिस की सरकारी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई थी। हालांकि किसी पुलिसकर्मी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया। तकनीकी जांच और लगातार छापेमारी के आधार पर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर हमला करने और आरोपित को छुड़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu