नशे में धुत एएसआई ने बीआरटीएस बस को मारी जोरदार टक्कर, कार से मिली वर्दी और शराब की बोतल

सूरत, 14 जून (हि.स.)। गुजरात के सूरत में रविवार को एक पुलिसकर्मी द्वारा कथित तौर पर नशे की हालत में वाहन चलाने का मामला सामने आया है। उमरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार चला रहे एक एएसआई ने आगे चल रही बीआरटीएस बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक पुलिसकर्मी नशे की हालत में दिखाई दे रहा था। वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहा था और मौके पर मौजूद लोगों से बहस करता नजर आया। पूछताछ के दौरान वह खुद को पुलिसकर्मी मानने से भी इनकार करता रहा।

कार से बरामद हुई पुलिस वर्दी और शराब की बोतल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त कार की जांच की तो उसकी पिछली सीट से पुलिस की वर्दी, बेल्ट और अन्य सामान बरामद हुआ। वर्दी पर लगी नेमप्लेट में अजयभाई एच. पटेल, एएसआई, पुलिस नंबर 2559, सूरत शहर लिखा हुआ था। इसके अलावा कार के अंदर से शराब की बोतल और प्लास्टिक का गिलास भी मिला।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना करने वाला व्यक्ति पुलिस विभाग में कार्यरत है और उसकी पहचान अजय पटेल के रूप में हुई है। वह पिछले करीब पांच वर्षों से सूरत पुलिस मुख्यालय में एएसआई के पद पर तैनात है।

उमरा पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

उमरा पुलिस ने एएसआई अजय पटेल को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने उसके खिलाफ प्रोहिबिशन एक्ट और सड़क दुर्घटना से संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू की है। घटना के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और अनुशासन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu