मानगो थाना क्षेत्र के मानगो बाजार स्थित टैंक रोड पर चोरों ने एक जेवर दुकान में सेंधमारी कर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना कोलकाता ज्वेलर्स में हुई, जहां रविवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक जितेंद्र कुमार ने चोरी का खुलासा किया।
दुकान के अंदर सामान बिखरा हुआ था और कीमती चांदी के आभूषण गायब मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर करीब 11 लाख रुपये मूल्य के लगभग चार किलोग्राम चांदी के आभूषण और 8 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
सूचना मिलने के बाद मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे चोरों की पहचान की जा सके।
दुकान संचालक जितेंद्र कुमार ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह दुकान पहुंचने पर चोरी की जानकारी मिली। जांच में पता चला कि चोर दुकान की छत के रास्ते अंदर घुसे थे। उन्होंने पहले टीन शेड की ऊपरी परत हटाई और फिर दूसरी परत काटकर दुकान में प्रवेश किया।
चोरों ने दुकान में रखी तिजोरी तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। तिजोरी सुरक्षित रहने से उसमें रखे सोने के आभूषण चोरी होने से बच गए। दुकान मालिक ने बताया कि इस मामले में मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।