राजयोग अपनाएं, तनावमुक्त और स्वस्थ जीवन पाएं : शशि प्रकाश झा

रांची, 14 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व ब्रह्माकुमारी संस्थान के चौधरी बगान सेवा केंद्र में रविवार को राजयोग मेडिटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के महत्व पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के प्रबंध निदेशक शशि प्रकाश झा ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उन्होंने कहा कि राजयोग मनुष्य के मानसिक तनाव को कम कर मन और शरीर को शांति प्रदान करता है। आज पूरी दुनिया भारत की प्राचीन योग परंपरा की ओर आकर्षित हो रही है। स्वस्थ और सुखी समाज के निर्माण के लिए सभी लोगों को योग अभियान से जुड़ना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान राजयोग, योगाभ्यास और मानसिक सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न अभ्यासों का प्रदर्शन किया गया। प्रतिभागियों ने मुविंग मेडिटेशन, कटी संचालन, गर्दन संचालन, हस्त संचालन और विभिन्न प्राणायाम का अभ्यास किया।

इस अवसर पर झारखंड आयुष परिषद के रजिस्ट्रार डॉ. वकील कुमार सिंह, जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. साकेत कुमार, झारखंड राय विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार डॉ. अमिता मजूमदार और भारतीय स्टेट बैंक के सेवानिवृत्त एजीएम सुनील कुमार गुप्ता ने योग एवं आत्मिक जागरूकता के महत्व पर अपने विचार रखे।

केंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने कहा कि योग मन, शरीर, आत्मा और परमात्मा के बीच संतुलन स्थापित कर जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का मार्ग प्रशस्त करता है।

कार्यक्रम में डॉ. कृष्ण कुमार, पूजा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu