रामगढ़, 14 जून (हि.स.)। रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत लुकैया पंचायत के रालीबेड़ा गांव में उत्पन्न जल संकट को लेकर उपायुक्त ऋतुराज ने गंभीरता दिखाई है। उन्होंने जनसमस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीसी के निर्देश पर विभागीय तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर जलापूर्ति व्यवस्था में आई खराबियों को दूर किया। पंचायत सचिव, मुखिया और कनीय अभियंता की मौजूदगी में तकनीकी कमियों को ठीक कर चापाकल से जलापूर्ति व्यवस्था सुचारू कर दी गई। ग्रामीणों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से पेयजल टैंकर की भी व्यवस्था की गई।
समस्या के स्थायी समाधान को लेकर पीएचईडी के कनीय अभियंता और अन्य अधिकारियों की टीम ने रालीबेड़ा गांव पहुंचकर जल मीनार का तकनीकी निरीक्षण किया। जलापूर्ति व्यवस्था को लंबे समय तक बेहतर बनाए रखने के लिए जल्द ही जल सहिया के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें शेष तकनीकी खामियों को दूर कर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की योजना बनाई जाएगी।
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।