जंगल में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, हत्या की आशंका

धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगल से शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी, जिसके बाद बरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, शताब्दी परियोजना से चिटाही जाने वाले मार्ग के समीप जंगल में शव पड़ा हुआ था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि पत्थर से वार कर चेहरे को क्षतिग्रस्त किया गया, ताकि मृतक की पहचान छिपाई जा सके। पुलिस को संदेह है कि हत्या के बाद शव को जंगल में फेंका गया होगा।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

बरोरा थाना प्रभारी साधन कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। प्रथम दृष्टया मृतक के चेहरे पर पत्थर से चोट के निशान मिले हैं। मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu