खूंटी जिले के ग्रामीण इलाकों में जंगली हाथियों का आतंक लगातार जारी है। हाथियों के झुंड ने कर्रा प्रखंड क्षेत्र के चिद्दी गांव के कोन्हप्पा टोले में शनिवार तड़के जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने सड़क किनारे रखे धान के ढेर को निशाना बनाते हुए करीब पांच क्विंटल धान खा लिया और उसे बर्बाद कर दिया। घटना के बाद गांव में भय का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार किसान लक्ष्मण उरांव का धान सड़क किनारे रखा हुआ था। शनिवार तड़के करीब तीन बजे गांव के कुत्ते लगातार भौंकने लगे, जिससे ग्रामीणों को हाथियों के गांव में आने की आशंका हुई। हाथियों के डर से कोई भी ग्रामीण घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
सुबह जब ग्रामीणों ने घरों से बाहर निकलकर देखा तो सड़क किनारे रखा धान पूरी तरह नष्ट हो चुका था। किसानों ने बताया कि हाथियों ने करीब पांच क्विंटल धान खा लिया, जिससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में हाथियों की निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की लगातार आवाजाही से गांवों में जान-माल का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने गांवों में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने, हाथियों की गतिविधियों की समय पर सूचना देने, आबादी वाले क्षेत्रों से हाथियों को दूर रखने के लिए टॉर्च, पटाखे और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही प्रभावित किसान को जल्द मुआवजा देने और हाथी प्रभावित इलाकों में विशेष निगरानी अभियान चलाने की अपील वन विभाग से की गई है।