उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र में शनिवार भोर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार किसान की मौत हो गई। रामपुर गांव के पास एक बेकाबू डंपर ने बाइक सवार किसान को टक्कर मार दी।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि मृतक की पहचान मेजा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी तेज बहादुर (58) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की।
परिजनों के अनुसार तेज बहादुर खेती-किसानी कर अपने दो बेटों और दो बेटियों सहित पूरे परिवार का पालन-पोषण करते थे। शनिवार सुबह वह घर से सिरसा सब्जी मंडी जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार डंपर ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।