बिजली आपूर्ति सुधार को लेकर विधायक ने जेबीवीएनएल महाप्रबंधक को लिखा पत्र

जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में बढ़ती बिजली मांग और भीषण गर्मी को देखते हुए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विधायक पूर्णिमा साहू ने झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के महाप्रबंधक को पत्र लिखा है। उन्होंने क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।

विधायक ने पत्र में कहा है कि क्षेत्र की कई बस्तियों में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण कई ट्रांसफार्मरों पर क्षमता से अधिक भार पड़ रहा है। इससे लो वोल्टेज, बार-बार बिजली कटौती और ट्रांसफार्मर खराब होने जैसी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।

उन्होंने बागुनहातु, साकची, छायानगर, भुइयांडीह, बाबूडीह, जोजोबेड़ा और बिरसानगर के विभिन्न इलाकों में लगे ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की मांग की है। इसके अलावा बिरसानगर जोन-6 स्थित मदर टेरेसा रोड, जोन-3 के मुराकाटी और जोन-3ए में नए ट्रांसफार्मर लगाने का भी अनुरोध किया गया है।

पूर्णिमा साहू ने कहा कि क्षेत्रवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं से मिली शिकायतों के आधार पर यह पहल की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जेबीवीएनएल जल्द आवश्यक कार्रवाई करेगा, जिससे लोगों को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu