धनबाद जिले के रामकनाली ओपी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बमबाजी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। अज्ञात अपराधियों ने कृषि बाजार कर्मी कमलेश्वर बेलदार के घर को निशाना बनाया। इस घटना में घर का मुख्य दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना के संबंध में कमलेश्वर बेलदार ने बताया कि देर रात उनके घर के मुख्य दरवाजे के पास अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर परिवार के लोग डर गए। कुछ देर बाद जब बाहर निकलकर देखा गया तो वहां कोई मौजूद नहीं था। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
भुक्तभोगी ने बताया कि उनका किसी राजनीतिक संगठन से कोई जुड़ाव नहीं है और न ही किसी विवाद या अवैध कारोबार से उनका कोई संबंध है। ऐसे में उनके घर को निशाना बनाए जाने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि बमबाजी के पीछे अपराधियों की क्या मंशा थी और उन्होंने इसी घर को क्यों निशाना बनाया।
इधर, कमलेश्वर बेलदार की लिखित शिकायत के आधार पर रामकनाली ओपी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाने और आरोपितों की पहचान करने में लगी है। घटना के बाद इलाके के लोगों में भय का माहौल है।