उलीडीह थाना क्षेत्र के संकोसाई रोड नंबर-4 निवासी 80 वर्षीय सुदर्शन शर्मा की शनिवार सुबह सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह रोज की तरह सुबह टहलने के लिए निकले थे।
जानकारी के अनुसार, डिमना से मानगो की ओर जा रही एक तेज रफ्तार अज्ञात बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुदर्शन शर्मा सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती गई। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, उलीडीह थाना प्रभारी मोहम्मद शारिक अली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बस और चालक की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।