टेंट हाउस के गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों के सामान के नुकसान की आशंका

पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर में शनिवार सुबह एक टेंट हाउस के गोदाम में अचानक आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, हल्दीपोखर स्थित सुदामा टेंट हाउस के गोदाम में सुबह अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और गोदाम में रखे टेंट, सजावटी सामान, बिजली उपकरण समेत अन्य सामग्री जलने लगी। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

                                                                     

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। लोगों ने पानी और कार्बन गैस का इस्तेमाल कर आग को फैलने से रोक लिया। सामूहिक प्रयास से आग पर जल्द नियंत्रण पा लिया गया, जिससे आसपास के घरों और दुकानों को नुकसान से बचा लिया गया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन गोदाम में रखा सामान जलने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो यह आसपास के रिहायशी इलाकों तक फैल सकती थी और बड़ी जन-धन हानि हो सकती थी। फिलहाल प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu