तमाड़ पुलिस की बड़ी सफलता, सैलून दुकान से 3.9 किलो गांजा बरामद, एक गिरफ्तार

तमाड़, प्रतिनिधि। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तमाड़ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सैलून की आड़ में संचालित गांजा कारोबार का भंडाफोड़ किया और 3.9 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, 21 जून को तमाड़ थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मां होटल के समीप पतरा जंगल की ओर जाने वाली सड़क किनारे स्थित एक सैलून दुकान में अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही तमाड़ थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बुंडू के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने सैलूननुमा दुकान से 3.9 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पूछताछ में दुकान संचालक तीजनाथ हजाम (44 वर्ष), निवासी देउड़ी, थाना तमाड़, गांजा के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने गांजा को जब्त करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रमुख तथ्य
सैलून दुकान से 3.9 किलोग्राम गांजा बरामद
एक आरोपी गिरफ्तार
तमाड़ थाना कांड संख्या 36/2026 दर्ज
एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत कार्रवाई
गुप्त सूचना पर त्वरित छापेमारी कर मिली सफलता
छापामारी दल
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बुंडू, थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो, सहायक अवर निरीक्षक कुलदेव तांती तथा तमाड़ थाना के सशस्त्र बल के जवान कार्रवाई में शामिल रहे।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama