पेट्रोल पंप संचालकों को उपायुक्त ने दिए सुरक्षा और सुविधा बढ़ाने के निर्देश

जिले में पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मनीष कुमार ने की।

बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार, विभिन्न तेल कंपनियों के प्रतिनिधि और जिले के पेट्रोल पंप संचालक मौजूद रहे। इस दौरान जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता, नियमित आपूर्ति, गुणवत्ता नियंत्रण और उपभोक्ता सुविधाओं की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी पेट्रोल पंपों पर स्वच्छ शौचालय, शुद्ध पेयजल, गुणवत्ता जांच से जुड़े रिकॉर्ड का संधारण और ग्राहकों के लिए जरूरी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए पेट्रोल पंप परिसरों में पौधारोपण और हरित क्षेत्र विकसित करने का निर्देश दिया। साथ ही अस्पताल, पुलिस, अग्निशमन विभाग सहित आपातकालीन सेवाओं के संपर्क नंबर प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने और सड़क किनारे आवश्यक संकेतक बोर्ड लगाने को कहा।

उपायुक्त ने पेट्रोल पंप संचालकों से हेलमेट उपयोग को बढ़ावा देने, सड़क सुरक्षा अभियान में सहयोग करने और रक्तदान शिविरों में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप केवल ईंधन उपलब्ध कराने के केंद्र नहीं, बल्कि नागरिक सुविधाओं और जनसुरक्षा के महत्वपूर्ण केंद्र भी हैं। इसलिए सभी संचालक निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन करें।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu