पश्चिमी सिंहभूम में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार, सात चोरी के वाहन बरामद

पश्चिमी सिंहभूम में मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपित गिरफ्तार, सात वाहन बरामद

पश्चिमी सिंहभूम, 20 जून (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने जिले में सक्रिय एक संगठित मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। बड़ा जामदा और नोवामुंडी क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने चोरी के सात वाहन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में गिरोह से जुड़े तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल छिनतई, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में करता था।

शनिवार को पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़ाजामदा और नोवामुंडी क्षेत्र में चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री और उपयोग से जुड़ा एक गिरोह सक्रिय है। सूचना के आधार पर किरीबुरू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विनित कुमार किन्डो के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया और विभिन्न स्थानों पर एक साथ अभियान चलाया गया।

छापेमारी के दौरान बड़ा जामदा के टंकीसाई स्थित दयाल कुमार नाग के घर, नोवामुंडी के डुकासाई स्थित संदीप पिंगुवा के ठिकाने तथा बड़ा जामदा लाल बिल्डिंग के समीप झाड़ियों में छिपाकर रखे गए वाहनों की तलाशी ली गई। इस दौरान कुल सात चोरी के वाहन बरामद किए गए। बरामद वाहनों में पांच हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक होंडा लिवो मोटरसाइकिल (जेएच05सीपी-7512) और एक होंडा एक्टिवा स्कूटी (जेएच05बीवी-2807) शामिल हैं।

पुलिस ने इस मामले में टंकीसाई निवासी दयाल कुमार नाग उर्फ मंगरू (20 वर्ष), डुकासाई निवासी संदीप पिंगुवा उर्फ पोटी उर्फ तितली (25 वर्ष) तथा भट्ठीसाई निवासी बॉबी दास (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में दयाल कुमार नाग और संदीप पिंगुवा को गिरोह का मुख्य सदस्य पाया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपित पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं और क्षेत्र के अपराधियों के साथ उनके संपर्क रहे हैं।

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि गिरोह चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में करता था। पुलिस अब बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान करने के साथ-साथ गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है। इसके अलावा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी के वाहनों का नेटवर्क जिले की सीमाओं से बाहर अन्य क्षेत्रों तक फैला हुआ है या नहीं।

इस संबंध में गुवा-बड़ा जामदा थाना कांड संख्या 20/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(5) एवं 3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है, जबकि निरुद्ध किशोरों के मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चोरी के वाहनों के विरुद्ध पिछले 18 दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इस अवधि में पुलिस कुल 27 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर चुकी है। लगातार हो रही कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप है और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन चोरी, संगठित अपराध तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

छापेमारी अभियान में एसडीपीओ विनित कुमार किन्डो, किरीबुरू अंचल पुलिस निरीक्षक बासुदेव मुंडा, बड़ाजामदा ओपी प्रभारी बालेश्वर उरांव, किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार, नोवामुंडी थाना प्रभारी नयन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक निमिर हेस्सा, अखिलेश कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक रामविलाश महतो, विनोद कुमार सिंह सहित बड़ाजामदा, किरीबुरू और नोवामुंडी थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने कहा कि जिले में संगठित अपराध और वाहन चोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu