भारत गौरव पर्यटक ट्रेन पांच जुलाई को चक्रधरपुर मंडल से गुजरेगी

भारतीय रेलवे श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का दर्शन कराने के उद्देश्य से विशेष भारत गौरव पर्यटक ट्रेन “अयोध्या काशी पुण्य यात्रा विद बैद्यनाथ धाम” का संचालन करने जा रहा है। यह विशेष ट्रेन तेलंगाना के सिकंदराबाद से रवाना होकर अयोध्या, काशी और बैद्यनाथ धाम समेत कई महत्वपूर्ण तीर्थ स्थलों की यात्रा कराएगी।

रेलवे के अनुसार यह पर्यटक ट्रेन 4 जुलाई 2026 को सिकंदराबाद से अपनी यात्रा शुरू करेगी और 5 जुलाई 2026 को दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल से होकर गुजरेगी। भारत गौरव पर्यटक ट्रेन योजना के तहत संचालित इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 14 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक ट्रेन 5 जुलाई को शाम 7 बजे झारसुगुड़ा स्टेशन पहुंचेगी और 7:10 बजे रवाना होगी। इसके बाद यह ट्रेन राउरकेला स्टेशन पर रात 8:55 बजे पहुंचेगी और 9:05 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी।

यात्रा के अगले चरण में ट्रेन 6 जुलाई को रात 11:50 बजे हटिया स्टेशन पहुंचेगी और 11:55 बजे रवाना होगी। इसके बाद यह ट्रेन रांची स्टेशन पर रात 12:10 बजे पहुंचेगी और 12:20 बजे आगे की यात्रा के लिए प्रस्थान करेगी।

रेलवे ने बताया कि भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के माध्यम से यात्रियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और यादगार यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। यह पहल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों तक बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

यह जानकारी दक्षिण पूर्व रेलवे, चक्रधरपुर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सह वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu