राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई, विपक्ष राजनीति न करे : पंकज चौधरी

मीरजापुर, 09 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि सरकार निष्पक्ष जांच करा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और कानून से ऊपर कोई नहीं है।

गुरुवार को मीरजापुर के बरौधा कचार स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। इसलिए सरकार इस मामले को पूरी गंभीरता से देख रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो राजनीतिक दल कभी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे और रामभक्तों पर गोली चलवाने के लिए जाने जाते हैं, वही आज राम मंदिर के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता उनकी मंशा और चरित्र को भली-भांति समझती है।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता कानून का राज स्थापित करना और जनता की आस्था का सम्मान करना है। यदि जांच में किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाएगी।

पंकज चौधरी ने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि राजनीतिक विषयों के साथ-साथ जनपद की मूलभूत समस्याओं, जैसे बरसात से क्षतिग्रस्त सड़कें और जलभराव, को भी प्रमुखता से उठाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार इन समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से काम कर रही है।

2027 में विकास के दम पर फिर सरकार बनाने का दावा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी पूरे वर्ष जनता और कार्यकर्ताओं के बीच रहकर काम करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के आधार पर भाजपा वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता एक बार फिर भाजपा को प्रचंड बहुमत देकर सरकार बनाने का अवसर देगी।

 

Mihir Tripathi
Author: Mihir Tripathi