रुक्का पीएचडी रोड की बदहाल सड़क को लेकर भाजपा का धरना, प्रदर्शन के बाद मरम्मत कार्य शुरू

ओरमांझी, 20 जुलाई। रुक्का पीएचडी रोड की जर्जर स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को ओरमांझी प्रखंड में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक रामकुमार पाहन ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र स्थायी निर्माण की मांग की।

धरना को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक रामकुमार पाहन ने कहा कि रुक्का पीएचडी रोड लंबे समय से खराब हालत में है, जिससे स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार और पथ निर्माण विभाग से सड़क का स्थायी निर्माण कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर भाजपा उग्र आंदोलन करेगी।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि एचडी (HD) द्वारा पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन लंबे समय तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। इससे रोजाना लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

धरना-प्रदर्शन के बाद पथ निर्माण विभाग ने सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया। विभाग द्वारा उबड़-खाबड़ सड़क को समतल कर आवागमन सुगम बनाने का काम प्रारंभ किया गया है।

स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि विभाग केवल अस्थायी मरम्मत तक सीमित न रहकर सड़क का स्थायी निर्माण भी जल्द सुनिश्चित करेगा, ताकि भविष्य में इस समस्या से दोबारा नहीं जूझना पड़े।

 

 

Mihir Tripathi
Author: Mihir Tripathi