रिश्वत लेते बंदगांव थाना प्रभारी गिरफ्तार

15 हजार रुपये लेते ACB ने रंगे हाथ दबोचा, एनडीपीएस मामले में नाम हटाने के एवज में मांगी थी रकम

चक्रधरपुर/जमशेदपुर, 20 अगस्त। पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना प्रभारी सह पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB), जमशेदपुर की टीम ने 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एसीबी जमशेदपुर थाना कांड संख्या 04/2026 के तहत की गई।

एसीबी के मुताबिक, बंदगांव थाना क्षेत्र निवासी बिजयराय मुंडू ने पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, जमशेदपुर को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बंदगांव थाना कांड संख्या 07/2025, एनडीपीएस एक्ट के मामले में उनके बड़े भाई लाचो मुंडू उर्फ गुलज का नाम दर्ज है। नाम हटाने के एवज में थाना प्रभारी द्वारा 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी।

सत्यापन के बाद दर्ज हुआ मामला

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने आरोपों का विधिवत सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद एसीबी जमशेदपुर थाना में कांड संख्या 04/2026 दर्ज किया गया। इसके बाद धावा दल का गठन कर कार्रवाई की योजना बनाई गई।

15 हजार रुपये लेते पकड़े गए

एसीबी की टीम ने बुधवार को बंदगांव थाना प्रभारी मनीष कुमार को शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ विधि-सम्मत अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।

एसीबी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। मामले में आगे की कार्रवाई एसीबी द्वारा की जा रही है।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama