बिरसा मुंडा के सार्धशती वर्ष पर भारत के प्रत्येक प्रांत में पहुंचेगी उनकी जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी

दिनांक: 25 मई 2025 रांची। बिरसा मुंडा के सार्धशती (150वीं जयंती) वर्ष के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, झारखंड द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू की पवित्र मिट्टी एकत्रित की गई है। यह मिट्टी आगामी राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक में (दिनांक 29 से 31 मई, रायपुर) देशभर से उपस्थित कार्यकर्ताओं को भेंट की जाएगी। इसका उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा की शौर्यगाथा एवं उनके आदर्शों को देश के कोने-कोने तक पहुँचाना है।

इस विशेष कार्यक्रम में अखिल भारतीय जनजातीय छात्र कार्य प्रमुख प्रमोद राऊत जी की प्रमुख उपस्थिति रही। उन्होंने कहा कि “भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली सम्पूर्ण भारतवर्ष के युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र है। यह पवित्र मिट्टी उनके संघर्ष, बलिदान और साहस की प्रतीक है, जो हर भारतीय को अपने जीवन में आत्मसात करनी चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा कि “बिरसा मुंडा ने न केवल अंग्रेजी शासन के विरुद्ध परंपरागत तीर-धनुष से लड़ाई लड़ी, बल्कि धर्मांतरण के विरुद्ध भी एक सशक्त आंदोलन चलाया। उन्होंने अपने जनजातीय समाज को उनकी सांस्कृतिक पहचान और विरासत से जोड़े रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज उनका जीवन आदर्श बनकर देशभर के युवाओं को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता है।”

इस कार्यक्रम में बिरसा मुंडा के परिजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झारखंड के संगठन मंत्री श्री नीलेश कटारे, खेलो भारत के राष्ट्रीय संयोजक श्री आशुतोष प्रताप, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्री शुभम पुरोहित, प्रदेश मीडिया संयोजक श्री गुड्डू राय, जिला संयोजक श्री प्रकाश टूटी, श्री पवन, श्री रोशन ठाकुर, श्री अशोक टूटी तथा अन्य अनेक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

यह पहल न केवल भगवान बिरसा मुंडा के विचारों को जन-जन तक पहुँचाएगी, बल्कि देशभर के युवाओं को उनके आदर्शों पर चलने की दिशा में भी प्रेरित करेगी।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama