29 मई को रांची में होगी आकलन सफल और प्रशिक्षित सहायक अध्यापकों की अहम बैठक, आंदोलन की बनेगी रणनीति

रांची। झारखंड राज्य के सभी आकलन सफल और प्रशिक्षित सहायक अध्यापकों की एक महत्वपूर्ण बैठक 29 मई 2025 (गुरुवार) को रांची स्थित मोहराबादी मैदान में आयोजित की जाएगी। इस बैठक का आयोजन झारखंड राज्य आकलन सफल सह प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संघ द्वारा किया जा रहा है।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष ऋषिकांत तिवारी और महासचिव संजीव सिंह उर्फ बबलू ने जानकारी देते हुए राज्य के सभी आकलन सफल एवं प्रशिक्षित सहायक अध्यापकों से इस महत्वपूर्ण बैठक में उपस्थित होने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यह बैठक सरकार की उपेक्षापूर्ण नीतियों और बार-बार दिए जा रहे झूठे आश्वासनों के खिलाफ आंदोलन की रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से बुलाई गई है।

अध्यक्ष ऋषिकांत तिवारी ने कहा, “सरकार लगातार हमारे साथ छलावा कर रही है। अब धैर्य की सीमा पार हो चुकी है। हमें अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि अधिकार चाहिए।” उन्होंने सभी संगठनों से एकजुट होकर एक मंच पर आने और सरकार के हिटलरशाही रवैये के खिलाफ निर्णायक आंदोलन की रणनीति बनाने की अपील की है।

महासचिव संजीव सिंह ने कहा कि “यदि हम सभी आकलन सफल और प्रशिक्षित सहायक अध्यापक इस निर्णायक घड़ी में एक मंच पर नहीं आएंगे, तो हमारे बचे हुए भविष्य को भी कोई नहीं बचा सकेगा।”

इस बैठक की विस्तृत जानकारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी महेश मेहता ने साझा की। उन्होंने बताया कि यह बैठक राज्य के समस्त जिलों के सक्रिय सहायक अध्यापकों की भागीदारी से एक व्यापक आंदोलन की दिशा तय करेगी।

 

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama

और पढ़ें