नामकुम अंचल में सात साल से नहीं कट रहा था करेक्शन स्लिप,जनता दरबार में समस्याओं का हो रहा समाधान, जिला प्रशासन पर बढ़ रहा जनता का विश्वास

रांची, 26 मई 2025:नामकुम के निवासी एवं पेशे से शिक्षक नरेश रजक पिछले सात वर्षों से अपनी 6 डिसिमल जमीन के करेक्शन स्लिप के लिए अंचल कार्यालय के चक्कर काट रहे थे। आज जब वह दूसरी बार उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री के जनता दरबार पहुंचे, तो इस बार उनके चेहरे पर शिकायत नहीं, बल्कि संतोष और खुशी थी। उन्होंने जमीन से संबंधित अपने मामले के समाधान के लिए उपायुक्त को तहे दिल से धन्यवाद दिया।

रांची जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार को आयोजित जनता दरबार आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का एक प्रभावी मंच बनता जा रहा है। आज दिनांक 26.05.2025 को आयोजित जनता दरबार में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने एक-एक कर सभी फरियादियों की बात सुनी और संबंधित विभागों को त्वरित जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में राजस्व, पेंशन, प्रमाण-पत्र, स्थानांतरण, अवैध कब्जा एवं भूमि की बिक्री से संबंधित कई शिकायतें प्राप्त हुईं। उपायुक्त द्वारा भूमि संबंधी मामलों की अद्यतन स्थिति ऑनलाइन जांच कर संबंधित अंचल अधिकारियों को फोन पर आवश्यक निर्देश दिये गये।

दिनांक 19.05.2025 को आयोजित पूर्ववर्ती जनता दरबार में झारखंड सुकर पालक संघ द्वारा होटल वेस्टेज पर प्रतिबंध लगाए जाने संबंधी आवेदन दिया गया था। उपायुक्त द्वारा संघ से विस्तृत सूची उपलब्ध कराने को कहा गया था, जिसे आज संघ द्वारा प्रस्तुत किया गया। उपायुक्त ने रांची नगर निगम के अधिकारियों को इस दिशा में ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

भूमि पर अवैध कब्जा और बिक्री के मामलों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारियों के साथ-साथ अनुमण्डल पदाधिकारी को भी त्वरित जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनता दरबार के माध्यम से रांची जिला प्रशासन आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समुचित समाधान प्रदान कर रहा है, जिससे लोगों का प्रशासन पर विश्वास निरंतर मजबूत हो रहा है।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama

और पढ़ें