भगवान बिरसा मुंडा शहादत दिवस पर नामकुम प्रखंड में माल्यार्पण कर दी गई श्रद्धांजलि

आज दिनांक 9 जून 2025 को नामकुम प्रखंड में भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी, आदिवासी समाज के प्रेरणास्त्रोत और जननायक भगवान बिरसा मुंडा जी की शहादत दिवस पर एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रखंड अवस्थित बिरसा मंडप में भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें ससम्मान नमन किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के अद्वितीय साहस, अदम्य भावना और अंग्रेजों के विरुद्ध उनके ऐतिहासिक संघर्ष को याद करते हुए उन्हें भारत के स्वाधीनता आंदोलन का अग्रदूत बताया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा न केवल आदिवासी समुदाय बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए एक प्रेरणा हैं, जिन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकार की लड़ाई लड़ी और शोषणकारी ब्रिटिश शासन को खुली चुनौती दी।

इस गरिमामय अवसर पर प्रखंड प्रमुख श्रीमती आशा कच्छप, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री विजय कुमार, अंचल अधिकारी श्री कमल किशोर सिंह, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला प्रसार पदाधिकारी श्रीमती रेणु कुमारी, पंचायती राज पदाधिकारी श्री वीरेंद्र राम, प्रधान सहायक, तथा प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के कई कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान सभी अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में आदिवासी संस्कृति, एकता और सामाजिक चेतना के महत्व को भी रेखांकित किया गया।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama

और पढ़ें