शूटिंग प्रतियोगिता में झारखंड को गौरव: अभिनव पाठक ने जीता स्वर्ण पदक

रांची, 9 दिसंबर (हि.स.)।

​स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की अगुवाई में इंदौर, मध्य प्रदेश में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली शूटिंग प्रतियोगिता (एसजीएफआई) में झारखंड को एक और बड़ी सफलता मिली है।

​राज्य के प्रतिभाशाली निशानेबाज अभिनव पाठक ने अंडर-17 बालक वर्ग की 10 मीटर एयर राइफल ओपन साइट स्पर्धा में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर स्वर्ण पदक हासिल किया। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 6 से 9 दिसंबर तक द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर के श्रेष्ठ निशानेबाजों ने कड़ी प्रतिस्पर्धा की थी।

दल का नेतृत्व और बधाई

​झारखंड दल का नेतृत्व कोच-मैनेजर अनुज कुमार और संजय कुमार यादव कर रहे थे, जिनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

​खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर राज्य के गणमान्य व्यक्तियों ने अभिनव को बधाई दी है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। बधाई देने वालों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए सोरेंग, सहित राज्य खेल कोषांग के सदस्य शामिल हैं।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama

और पढ़ें