रांची में सनसनी: जमीन विवाद में युवक को मारी गोली, मुख्य आरोपी आधे घंटे में गिरफ्तार

रांची, मंगलवार:राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित ओटीसी मैदान के पास मंगलवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां जमीन विवाद को लेकर भार्गव सिंह नामक व्यक्ति को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मुख्य आरोपी विजय टेटे को महज आधे घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

घायल भार्गव सिंह के अनुसार, रातू इलाके की एक जमीन को लेकर उनका और आरोपी विजय टेटे के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी ने पहले फोन पर धमकी दी थी और फिर मौका मिलते ही गोली चला दी।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी विजय टेटे कांके थाना क्षेत्र के गांधीनगर का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

haqeeqatnaama
Author: haqeeqatnaama

और पढ़ें