रांची, 28 अप्रैल।
भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी रांची सहित राज्य के कई हिस्सों में मंगलवार सुबह से बादल छाए रहे और हल्की बारिश दर्ज की गई। आकाशीय बिजली और गरज के साथ मौसम में आए इस बदलाव ने लोगों को थोड़ी राहत जरूर दी है, लेकिन उमस बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्य में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए 15 जिलों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
तापमान का मिला-जुला असर
राज्य के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में भारी अंतर देखने को मिल रहा है।
चतरा, गढ़वा और पलामू में अधिकतम तापमान 45°C तक पहुंचने की संभावना
लातेहार और लोहरदगा में 35–39°C
रांची, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग में 38–41°C
जमशेदपुर, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम में 36–42°C
वहीं संथाल परगना (देवघर, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज) में अपेक्षाकृत राहत है, जहां तापमान 32–39°C के बीच रहने का अनुमान है।
आज और कल 15 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 28 और 29 अप्रैल को इन जिलों में गर्जन, वज्रपात और तेज हवा (50–60 किमी/घंटा) की संभावना है:
रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, कोडरमा, लोहरदगा, धनबाद, गिरिडीह और जामताड़ा।
30 अप्रैल को ओलावृष्टि की चेतावनी
30 अप्रैल को रांची सहित चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद और बोकारो में आंधी के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
लू का असर अभी भी जारी
हालांकि कुछ क्षेत्रों में बारिश हुई है, लेकिन उत्तर-पश्चिम झारखंड अभी भी सबसे अधिक गर्म बना हुआ है।
सोमवार को रांची, जमशेदपुर, डालटनगंज, बोकारो, चाईबासा और सरायकेला में तापमान 40°C पार दर्ज किया गया।