फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की बस परिवहन उप समिति की बैठक आज चैंबर भवन में उप समिति के चेयरमैन महेश कुमार लाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के बस मालिकों की समस्याओं एवं बस परिवहन व्यवसाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में रांची, गुमला, सिमडेगा, खूंटी एवं लोहरदगा बस ओनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वप्रथम राज्य परिवहन प्राधिकार द्वारा पिछले लगभग 18 माह से बस परमिट के नवीनीकरण एवं प्रतिस्थापन की प्रक्रिया बंद रहने पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। बस संचालकों ने सर्वसम्मति से मांग की कि पूर्व की भांति संचिका के माध्यम से इस प्रक्रिया को तत्काल प्रारंभ किया जाए, ताकि परिवहन व्यवसायियों को राहत मिल सके।
सदस्यों ने कॉन्ट्रैक्ट परमिट की प्रक्रिया को पूर्णतः ऑनलाइन करने की भी मांग उठाई। उनका कहना था कि 4 दिनों से लेकर 28 दिनों तक की अवधि के कॉन्ट्रैक्ट परमिट ऑनलाइन निर्गत करने की व्यवस्था परिवहन विभाग द्वारा की जानी चाहिए। अन्य राज्यों में यह व्यवस्था पहले से लागू है, जिससे पारदर्शिता एवं सुविधा दोनों सुनिश्चित होती हैं।
बैठक में अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों के परमिटों पर तत्काल किए जा रहे प्रतिहस्ताक्षर की प्रक्रिया की समीक्षा करने की मांग भी की गई। सदस्यों ने अनुरोध किया कि इस विषय को राज्य परिवहन प्राधिकार की बैठक में रखा जाए तथा स्थानीय बस संचालकों के हितों की रक्षा हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएं।
बस संचालन की बढ़ती लागत पर चर्चा करते हुए सदस्यों ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में डीजल, यूरिया, टायर, बस बॉडी, चेसिस, टोल टैक्स, बस स्टैंड शुल्क, वाहन रखरखाव, मोटर पार्ट्स एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की कीमतों में 40 से 50 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है, जबकि वर्तमान बस किराया वर्ष 2021 में निर्धारित किया गया था। बढ़ती लागत के कारण बस संचालन आर्थिक रूप से अत्यंत चुनौतीपूर्ण हो गया है।
इन परिस्थितियों को देखते हुए बैठक में सर्वसम्मति से बस किराए में वृद्धि का प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव के अनुसार शहरी क्षेत्रों में बस किराए में 18 प्रतिशत तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 12 से 15 प्रतिशत तक वृद्धि किए जाने की अनुशंसा की गई।
बैठक में चैंबर उपाध्यक्ष राम बांगड़, पूर्व अध्यक्ष अरुण कुमार बुधिया, किशोर मंत्री, राजेन्द्र अग्रवाल, अब्दुल कादिर, सलमान अंसारी, प्रवीण अग्रवाल, अशफाक आज़म (शेरू), निर्मल गोयल, शिव सोनी, राजेश भगत, फैयाज अहमद, नेजार अंसारी, बसंत प्रसाद, अनुनय मंत्री, संजय यादव सहित बड़ी संख्या में बस संचालक एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।